फूलों की सजावट और विशेष रोशनी से जगमगा उठा भव्य राम मंदिर, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बस 2 दिन बाकी
अयोध्या: प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए केवल दो दिन शेष रहने के मद्देनजर अयोध्या स्थित राम मंदिर को भव्य आयोजन के लिए पुष्पों और विशेष रोशनी से सजाया गया है. अयोध्यावासियों का कहना है कि अयोध्या नगरी राममय हो रही है. मंदिर न्यास के सूत्रों ने बताया कि सजावट के लिए फूलों के समृद्ध भंडार का उपयोग किया गया है और 22 जनवरी को होने वाले समारोह के मद्देनजर मंदिर को सजाने के लिए फूलों के विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं. एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘ये सभी असली फूल हैं और सर्दी के मौसम के कारण ये अपेक्षाकृत लंबे समय तक ताजा रहते हैं इसलिए वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह तक ताजा रहेंगे. इन फूलों की सुगंध और सुंदरता ने मंदिर की दिव्यता को और बढ़ा दिया है. सजावट दीया की 'थीम' पर आधारित उन्होंने कहा कि फूलों से सजावट और रोशनी के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई हैं और वे न्यास अधिकारियों के मार्गदर्शन में मिलकर काम कर रही हैं. सूत्र ने कहा कि बाहर के हिस्से में रोशनी की सजावट दीया की 'थीम' पर आधारित है ताकि इसे पारंपरिक रूप दिया जा सके और मंदिर के अलंकृत तत्वों को उजागर किया जा सक...